
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत मंगलवार देर रात अन्ना चौक के पास उधार के रुपये मांगने गए युवक ने रुपये नहीं मिलने पर रुपये की छिनतई कर ली. वहीं मारपीट करते हुए भागने के क्रम में उसके शरीर कर कार चढ़ा दी और भागने के दौरान अन्ना चौक के पास करीब 40 फीट ऊपर से क्रॉस रोड से कार उड़ा दी. इस घटना में स्थानीय निवासी पंकज मिश्रा को चोटें आई है. घटना के बाद उसने एमजीएम अस्पताल में इलाज करवाया.

इस मामले में पंकज ने गोविंदपुर थाना में गोलमुरी निवासी राजू कुमार, घोड़ाबांधा निवासी आशीष सिंह, काशीडीह निवासी विकास तिवारी, गोविंदपुर निवासी कुंदन सिंह और राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है. अपनी शिकायत में पंकज ने पुलिस को बताया कि मंगलावर की दोपहर उसने कुंदन से 2500 रुपये उधार लिए थे. मंगलवार की रात 11 बजे कुंदन अपने साथियों के साथ घर पर रुपये लेने पहुंच गया, दोनों के बीच रुपये को लेकर बहस हो गई. जिसके बाद कुंदन उसे घसिटते हुए अन्ना चौक के पास ले आया, यहां कुंदन ने उसके पास रखे 7000 रुपये औऱ मोबाइल की छिनतई कर ली. इसी का विरोध करने पर सभी मारपीट करने लगे. आसपास के लोग जब बीच बचाव करने आए तो कुंदन अपने साथियों की मदद से उनके साथ भी उलझ गया. इस बीच कुंदन अपने साथियों के साथ कार लेकर फरार होने लगा. जब पंकज ने उन्हे रोकना चाहा तो कुंदन ने उसके उपर कार चढ़ा दी. इस मामले में पुलिस ने कुंदन को हिरासत में लिया है.





