
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत स्टेशन रोड में बुधवार को बिना लाइसेंस और लाइसेंस के साथ पटाखे कारोबारी आमने सामने आ गए. दो दुकानदारो के बीच झड़प भी हुई, बाद में पुलिस को बीच में आकर मामला शांत कराना पड़ा.
दरअसल जुगसलाई स्टेशन रोड स्थित पीके ट्रेडर्स के संचालक पवन गुलाटी और आरए ट्रेडर्स के संचालक आशिष गुलाटी के बीच बुधवार की दोपहर झड़प हो गई. आषिश गुलाटी ने इसकी शिकायत 100 डायल पर दी, काफी देर तक जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो आषिश ने दोबारा से 100 डायल कर पुलिस को आने को कहा.
तीसरी बार में पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची. तब तक पीके ट्रेडर्स के संचालक पवन गुलाटी मौके से फरार हो गए. इस मामले में आषिश ने बताया कि पवन के द्वारा अक्सर गाली गलौज किया जाता है. बुधवार को वह हाथा पाई पर उतर आया. उन्होने बताया कि पीके ट्रेडर्स के पास सिर्फ गोदाम का लाइसेंस है फिर भी वह दुकान से अपने पटाखे को बेचता है. इसकी जानकारी पुलिस को भी है फिर भी पुलिस कुछ कार्रवाई नहीं करती.
उन्होने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस बिना लाइसेंस दुकान चलाने वालों से अवैध वसुली करती है, हालांकि जब इस मामले में जुगसालई थाना प्रभारी नित्यानंद महतो से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होने फोन नहीं उठाया.
इलाके में बिना लाइसेंस चलती है अवैध पटाखे की दुकान
आशिष ने बताया कि जुगसलाई बारुद के ढेर में बसी है. कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. यहां दुकानदास गोदाम का लाइसेंस लेकर दुकान में पटाखे बेचते है. 6-7 दुकान का नाम बताते हुए उन्होने कहा कि इनपर इसलिए कार्रवाई नहीं होती क्योकि पुलिस इनसे वसूली करती है. फिलहाल पुलिस पीके ट्रेडर्स के पटाखो को अपने साथ ले जाना चाहती है पर लाइसेंसी दुकानदार कार्रवाई की मांग पर आड़े रहे.





