
जमशेदपुर : जमशेदपुर में आए दिन छिनतई की घटना बढ़ती ही जा रही है. सोमवार को भी साकची थाना क्षेत्र से एक छिनतई की घटना सामने आयी है, जहां बाइक पर सवार दो बदमाश ने पत्रकार चंद्रदेव सिंह राकेश की पत्नी इंदू सिंह के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए. साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह स्थित चंद्रबली उद्यान निवासी चंद्रदेव सिंह राकेश अपनी पत्नी इंदु सिंह के साथ बिष्टुपुर से घर आ रहे थे. इसी क्रम में साकची के बारी मैदान के पास पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और चेन छीनकर फरार हो गए. इस मामले में श्री राकेश ने बताया कि वे अपनी पत्नी इंदु सिंह के साथ आ रहे थे. रास्ते में वह बिष्टुपुर स्थित कॉरपोरेट कम्युनिकेशन के पास गाड़ी खड़ी कर अन्दर चले गए. बाहर उनकी पत्नी गाड़ी के पास ही खड़ी थी. वहीं पर दोनों बदमाश भी खड़े थे. थोड़ी देर बाद वे वहां से पत्नी संग निकल गए. दोनों युवक उनका पीछाकर रहे थे. साकची बारी मैदान के पास अचानक से लड़कों ने बाइक सटा दी और पत्नी के गले से सोने की चेन लेकर साकची की ओर तेजी से फरार हो गए. इसकी जानकारी राकेश ने साकची पुलिस को दी. फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है.






