
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने भाकपा माओवादी उग्रवादी संगठन का एरिया कमांडर झुपू गगराई को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता पायी. पश्चिम सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दी गयी कि प्रतिबंधित भाकपा माओवादी उग्रवादी संगठन का एरिया कमांडर झुपू गगराई को इन्द्रावां से गिरफ्तार किया गया है एवं उसकी निशानदेही पर इन्द्रावां पहाड़ी से एक दो नाली बंदूक एवं दो चक्र जिंदा गोली तथा इसके घर से एक लाल रंग का माओवादी बैनर बरामद किया गया है. अपने स्वीकारोक्ति बयान में उसके द्वारा पश्चिम सिंहभूम जिले अंतर्गत पोड़ाहाट एवं नकटी क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों से होने वाली सभी नक्सली घटनाओं में संलिप्त रहने की बात बताई गई है. गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एरिया कमांडर अपने हथियार दस्ते के सदस्यों के साथ कराईकेला थाना अंतर्गत इन्द्रावां गांव में मागे पर्व के अवसर पर आने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी जिसके बाद ऑपरेशन प्लान के तहत सीआरपीएफ 60 बटालियन के 2/C डी राजू नायक, 2/C साधुशरण यादव एवं चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाथू सिंह मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन करते हुए उक्त ग्राम में एरिया कमांडर का इंतजार किया जाने लगा. पुलिस पर नजर पड़ते ही एरिया कमांडर भागने लगा जिसे एसपी, एसडीपीओ के अंगरक्षक एवं सहायक अवर निरीक्षक शौकत अली द्वारा दौड़ाकर पकड़ लिया गया एवं उसकी निशानदेही पर सामग्री को बरामद किया गया. पुलिस अधीक्षक द्वारा जानकारी दी गई कि गिरफ्तार भाकपा माओवादी एरिया कमांडर पर हत्या, लूटपाट, लेवी वसूली, दुष्कर्म, अपहरण, आगजनी से संबंधित 18 मामले जिले अंतर्गत विभिन्न थानों में दर्ज है. छापेमारी दल में उक्त पुलिस पदाधिकारियों के साथ कराईकेला थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार आजाद सहित सीआरपीएफ एवं जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे.








