
Jamshedpur : जमशेदपुर में बीते दिनों बैंक के एटीएम में छेड़छाड़ की वारदात सामने आने के बाद पुलिस घटना के 3 दिन बाद भी अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है. हालांकि इस मामले में शहर के बैंक साइबर पुलिस का साथ नहीं दे रहे हैं. संबंधित एटीएम के बैंक ने अभी तक पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं कराया है, जिससे पुलिस आगे की कार्रवाई नहीं कर पा रही है. इधर जिस एटीएम में छेड़छाड़ हुई है, वह अभी तक बंद है. इस कारण इलाके में लोगों को दूसरे एटीएम का रुख करना पड़ रहा है. सीएच एरिया में एसबीआई का केवल एक ही एटीएम है. इससे लोगों को परेशानी हो रही है. इस मामले में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मंडल ने बताया कि पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज का इंतजार कर रही है, ताकि आगे की कार्रवाई में अविलंब की जा सके. जैसे ही बैंकों द्वारा सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दिया जाता है, वैसे ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. हालांकि इस घटना के बाद अभी तक किसी ने एटीएम क्लोनिंग का मामला दर्ज नहीं कराया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि अपराधी सतर्क हो गए हैं. वे अब एटीएम के साथ छेड़छाड़ नहीं कर रहे हैं.
एटीएम के साथ छेड़छाड़ कर कैश विंडो को तोड़ा था
बीते दिनों साइबर थाना में कई ऐसे मामले आ रहे थे. इसमें एटीएम की क्लोनिंग कर रुपए की अवैध निकासी कर ली गई थी. साइबर पुलिस ने ऐसे एटीएम को चिन्हित किया था. जांच करने पर पुलिस ने पाया था कि कार्ड रीडर को बदला गया था और कैश विंडो को भी अपराधियों ने तोड़ दिया था. इस कारण कैश बाहर नहीं आता था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. माना जा रहा है कि अब जल्दी अपराधी गिरफ्त में होंगे.
बंद है करनडीह चौक और सीएच एरिया का एटीएम
घटना के बाद से ही करनडीह स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम और सीएच एरिया पेट्रोल पंप स्थित एसबीआई एटीएम अभी तक बंद है. बैंक द्वारा उसे अभी तक नहीं खोला गया है.






