
जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक बार फिर से साइबर ठगों ने आर्मी जवान के नाम पर ठगी करना शुरु कर दिया है. ताजा मामला परसूडीह के सरजामदा से सामने आया है जहां साइबर ठग ने टाटा मोटर्स कर्मी बिनोद कुमार को अपना निशाना बनाया. बिनोद ने मामले को लेकर बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना में लिखित शिकायत की है. बिनोद ने बताया कि उनका मानगो में एक फ्लैट है जिसे भाड़े पर देने के लिए उन्होने ओएलएक्स और क्वीकर पर एक विज्ञापन डाला था. 27 जनवरी को उनके मोबाइल पर मोबाइल संख्या 9668337994 से फोन आया. फोन करने वाले ने अपना नाम अमित कुमार कुमार बताया. उसने बताया कि वह आर्मी का जवान है और फिलहाल पश्चिम बंगाल के दमदम में पदस्थापित है. उसका ट्रांसफर जमशेदपुर हो गया है इसलिए वह उनका फ्लैट भाड़े पर लेना चाहता है. उन्होंने फ्लैट के लिए दो माह का एडवांस और 6500 रुपये प्रतिमाह की मांग की. एडवांस देने के लिए ठग ने कहा कि वह मार्चेंट कार्ड से पेमेंट करेगा. एक घंटे बाद उसने दोबारा से फोन किया और एसबीआई योनो के माध्यम से पहले एक रुपये ट्रांसफर कर चेक करने को कहा. उन्होंने एक रुपये डालकर चेक किया तो उनके खाते में एक रुपये आ गए. दोबारा जब 13 हजार रुपये डालकर देखा तो उनके खाते से 13 हजार रुपये कट गए. उन्होंने ठग को बताया तो ठग ने बात को घुमाना शुरू कर दिया और उनका नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया. इधर साइबर ठगों ने मानगो मून सिटी निवासी विवेकानंद अधिकारी को भी शिकार बनाया. विवेकानंद ने गूगल पर एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड का कस्टमर केयर नंबर सर्च कर उसपर फोन किया और अपनी समस्या बताई. ठग ने उनके मोबाइल पर एनी डेस्क एप डाउनलोड करवाया और उनसे एनी डेस्क का आईडी मांगकर खाते से 50 हजार रुपये की निकासी कर ली.






