
जमशेदपुर : एक ओर जहां जमशेदपुर साइबर सेल लोगों को साइबर ठगों से सावधान रहने को आगाह करती है वहीं दूसरी ओर लोग खुद इन साइबर ठगों की बातों में आकर लाखों रुपए ठगी के शिकार हो जाते है. गुरुवार को भी साइबर ठगों ने शहर के दो लोगों को निशाना बनाया और उनके खाते से कुल 2.55 लाख रुपए की अवैध निकासी कर ली. पहला मामला बिष्टुपुर शॉप एरिया निवासी स्पर्श बकरेवाल का है जहां साइबर ठगों ने आर्मी का कर्नल बन क्यूआर कोड स्कैन करवाकर आठ बार में कुल 1,74 लाख रुपए ठग लिए. इस मामले में स्पर्श ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है. स्पर्श के द्वारा किए गए शिकायत के अनुसार वह पाइप का कारोबार करता है. उसे साइबर ठग ने आर्मी का जवान बनकर फोन किया और कहा कि वह सोनारी आर्मी कैंप में पोस्टेड है और उसे 50 पाइप का ऑर्डर दिया. डील 24 हजार में हुई. वह पाइप लेकर आर्मी कैंप के पास पहुंचा और संबंधित नंबर पर फोन किया. ठग ने उसे कहा कि उनके कर्नल पाइप रिसीव कर लेंगे. थोड़ी देर बाद उसके नंबर पर फिर से फोन आया. फोन करने वाले ने खुद को आर्मी का कर्नल बताया और पेमेंट के लिए व्हाट्सएप पर एक क्यूआर कोड को स्कैन करने को कहा. स्कैन करते ही उसके खाते से 14 हजार रूपए कट गए. ऐसे करते हुए पांच बार में कुल 99,886 रुपए कट गए. रुपए वापस करने के नाम पर भी ठगों ने फिर खाते से अवैध निकासी कर ली. ऐसा कर ठगों ने कुल 1,74,879 रुपए की निकासी कर ली. दूसरे मामले में ठगों ने कदमा ईसीसी फ्लैट निवास इंद्राणी दत्ता को निशाना बनाया. इंद्राणी ने अपने खाते से किसी गलत व्यक्ति को पेमेंट कर दिया था. उसने गूगल पे कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया तो उसे एक नंबर मिला. उसने दिए गए नंबर पर फोन किया तो ठग ने उसके मोबाइल पर ने डेस्क डाउनलोड करवाया. इसी बीच ठगों ने इंद्राणी के खाते से 81,056 रुपए निकाल लिए. (नीचे भी पढ़ें)
गोविंदपुर के व्यक्ति के खाते में लौटाए 1,31,000
बीते दिनों गोविंदपुर निवासी संजय कुमार शर्मा के खाते से साइबर ठगों ने 2.01 लाख की अवैध निकासी कर ली थी. इस मामले में संजय ने तत्काल साइबर सेल में शिकायत की. साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठग के खाते में बचे 1.31 लाख रुपए को फ्रिज करवाया और इन रुपयों को संजय के खाते में वापस करवाया.







