
जमशेदपुर : बिष्टुपुर के सर्किट हाउस एरिया में कंगारू किड्स स्कूल की टीचर के गूगल पे अकाउंट से साइबर ठग ने 36 हजार 500 रुपए उड़ा दिए हैं। टीचर दीपिका गोप के आवेदन पर बिष्टुपुर में साइबर थाने में मंगलवार को केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। टीचर दीपिका ने साइबर थाना प्रभारी को बताया कि वह सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर की रहने वाली हैं। वह सर्किट हाउस एरिया में कंगारू किड्स स्कूल में टीचर हैं। उन्होंने बताया कि 27 जून कोऔ उनके मोबाइल नंबर पर एक फोन आया और उधर से बोलने वाले ने खुद को आर्मी का जवान बताया और अपने बच्चे को स्कूल में एडमिशन कराने के लिए बात की। उसने टीचर दीपिका गोप के गूगल पे खाते पर एक रुपए का रिक्वेस्ट भेजा और उसे पे करने के लिए बोला। उसके बताने पर दीपिका ने अपने गूगल पे अकाउंट पर रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली। इसके बाद उसने फिर 36 हजार 500 रुपए का रिक्वेस्ट भेजा और उसे क्लिक करने के लिए कहा। उसके क्लिक करते ही दीपिका गोप के अकाउंट से 36 हजार 500 रुपए निकल गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। (अगली खबर नीचे पढ़ें)
बर्मामाइंस निवासी के खाते से निकल गए साढे नौ हजार रुपये
बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैलाश नगर के रहने वाले सुनील भुइयां के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से साढ़े 9000 रुपए की अवैध निकासी हो गई। इस मामले में मंगलवार को सुनील भुइयां ने बिष्टुपुर थाने में साइबर थाने में केस दर्ज कराया है। सुनील भुइयां ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि गोलमुरी थाना क्षेत्र के एचपी पेट्रोल पंप के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक से रुपए निकालने गए। बताते हैं कि तभी बिजली चली गई और उनका एटीएम कार्ड एटीएम मशीन में फंसा रह गया। वहां मौजूद गार्ड ने एटीएम निकालने के लिए उनसे 200 रुपए मांगे। उन्होंने नहीं दिया। गार्ड ने कहा कि सोमवार को बैंक जाकर कार्ड ले लीजिएगा। सुनील ने बताया कि इसी बीच उनके बैंक खाते से साढे 9000 रुपए की अवैध निकासी हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



