जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में मानगो अंचल कार्यालय तथा बोड़ाम प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 अभियान, राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों, विकास योजनाओं, लोक शिकायतों के निष्पादन तथा कार्यालयी कार्यों की विस्तार से समीक्षा की. उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एसआइआर-2026 अभियान में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण एवं संग्रहण समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाकर अभियान को सफल बनाया जाए तथा डिजिटाइजेशन कार्य में भी तेजी लाई जाए. (नीचे भी पढ़ें)

राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सीमांकन, अतिक्रमण एवं अन्य राजस्व मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजनों से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन को प्राथमिकता दें. विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों-कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा नियमित फील्ड निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए. (नीचे भी पढ़ें)
बोड़ाम प्रखंड परिसर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परिसर में स्थित जर्जर भवन का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक मरम्मतीकरण कार्य के निर्देश दिए, ताकि कार्यालय परिसर सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों में अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं एवं कार्य संस्कृति का भी जायजा लिया. उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें. मौके पर अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी तथा संबंधित प्रखंड एवं अंचल के बीडीओ, सीओ उपस्थित रहे.







