जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष आनंद पर कातिलाना हमला के मामले में आरोपी बनाये गये भाजपा नेता और डीडी बार के मालिक नीरज सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर जमशेदपुर कोर्ट के एडीजे 1 की अदालत में सुनवाई हुई. हालांकि, नीरज सिंह राजस्थान में गिरफ्तार हो चुके है. बताया जाता है कि नीरज सिंह की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश झा ने बहस की. बहस के दौरान नीरज सिंह की ओर से प्रकाश झा सुनवाई करने की इजाजत मांगी. इस पर जज ने कहा कि अभी तो उनकी गिरफ्तारी की खबर है. इस पर अधिवक्ता प्रकाश झा ने कहा कि गिरफ्तारी की खबरें आयी है, इसका अधिकारिक कोई दस्तावेज हमारे पास या कोर्ट के पास नहीं है. यहां सरकार का पक्ष रखने के लिए लोक अभियोजक (पब्लिक प्रोसिक्यूटर यानी पीपी) है, उनसे पूछ लिया जाये. (नीचे भी पढ़ें)
इस पर जज ने लोक अभियोजक से पूछा कि क्या नीरज सिंह की गिरफ्तारी हुई है. इस पर कोई तत्काल जवाब देने के बजाय लोक अभियोजक ने कुछ वक्त मांगा. इसके बाद लोक अभियोजक ने जिले के पुलिस अधिकारी से बातचीत की, जिसके बाद लोक अभियोजक ने कोर्ट को जानकारी दी कि अभी डिटेंड राजस्थान में किया गया है. डिटेंड का मतलब हिरासत कहा जाता है, गिरफ्तारी नही है. इस पर प्रकाश झा ने कहा कि अब तो बहस अग्रिम जमानत पर की जा सकती है. इसके बाद प्रकाश झा ने अर्जी लगायी कि उनकी अग्रिम जमानत दे दी जाये. लेकिन कोर्ट ने निचली अदालत से रिपोर्ट तलब किया और जमशेदपुर पुलिस से कांड का केस डायरी मांगी. केस डायरी मांगने के बाद सुनवाई करने की बात कही. केस डायरी देने के लिए कितना दिन चाहिए, इस पर लोक अभियोजक ने पुलिस से 8 दिनों का समय मांगा. 8 दिनों का समय का अधिवक्ता प्रकाश झा ने विरोध किया, जिसके बाद कोर्ट ने पांच दिनों में केस डायरी जमा करने को कहा. इसके बाद तय हुआ कि अब अगली सुनवाई पांच दिनों के बाद होगी.







