जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हत्याकांड और कातिलाना हमला के मामले में गिरफ्तार किये गये डीडी बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह को जमशेदपुर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड ले लिया है. अब दिल्ली होते हुए जमशेदपुर पुलिस वापस लौटेगी. यह उम्मीद है कि रात तक जमशेदपुर पुलिस नीरज सिंह को लेकर पहुंचेगी. इस मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. नीरज सिंह को राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर के कोतवाली थाना से गिरफ्तार किया गया था. नीरज सिंह को मोबाइल के जरिये जमशेदपुर पुलिस ने ट्रैप किया. इसके बाद राजस्थान पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद उनको थाना पर रखा गया. दिल्ली में जमशेदपुर पुलिस पहुंच चुकी थी. दिल्ली से राजस्थान पुलिस रातोंरात ही राजस्थान पहुंच गयी और तत्काल उससे पूछताछ शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़ें)
नीरज सिंह को पूछताछ के बाद सुबह में राजस्थान के सीकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां जमशेदपुर पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड के लिए अर्जी लगायी. इस दौरान राजस्थान के सीकर कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड की इजाजत दे दी. इसके आधार पर राजस्थान से जमशेदपुर पुलिस की टीम नीरज सिंह को लेकर आने की तैयारी कर रही है. उम्मीद है कि रात 9 बजे के आसपास तक जमशेदपुर पुलिस नीरज सिंह को लेकर आ जायेगी. दूसरी ओर, उनकी गिरफ्तारी की सूचना पाकर नीरज सिंह की पत्नी और मानगो नगर निगम के मेयर का चुनाव लड़ चुकी संध्या सिंह और उनके करीबी लोग पहुंच गये. वे लोग नीरज सिंह के साथ ही थे. संध्या सिंह ने इस कार्रवाई को गलत करार दिया है और कहा है कि नीरज सिंह और पूरे परिवार को पुलिस बेवजह परेशान कर रही है.






