बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास पुलिस ने शनिवार की शाम छापामारी कर 20.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया. इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया, जबकि दो अन्य मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित मेदिनीपुर रेलवे मार्केट निवासी दीपेंद्र सोमानी के रूप में की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के संबंध में बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के बयान पर दीपेंद्र सोमानी के साथ-साथ पश्चिमी मेदिनीपुर के दिवाकर दुबे और घाटशिला निवासी सुनील के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास गांजे की बड़ी खेप लाई गई है. सूचना के आधार पर अंचलाधिकारी की मौजूदगी में त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने छापामारी की. (नीचे भी पढ़ें)
छापामारी के दौरान मौके से 20.050 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 540 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस ने बताया कि छापामारी के समय क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर दो आरोपी भागने में सफल रहे. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि फरार दोनों की तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है. ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले की पुष्टि की है और कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है.




