जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने समाज में व्याप्त दहेज जैसी कुरीति पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के अनुसार, जुगसलाई के गढ़ाबासा निवासी एक युवक की शादी 17 मई 2025 को उत्तर प्रदेश की युवती से शहर के रामाडा होटल में पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति बदलने लगी. आरोप है कि पति और उसके परिवार के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर युवती को करीब छह महीने तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया. (नीचे भी पढ़ें)

हालात बिगड़ने पर अंततः युवती को उसके मायके, उत्तर प्रदेश, छोड़ दिया गया. मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी हुई, जिसमें यह तय हुआ कि युवक खुद जाकर पत्नी को वापस लाएगा. लेकिन जब वह तय समय पर नहीं पहुंचा, तो लड़की पक्ष के लोग बुधवार को खुद जुगसलाई स्थित ससुराल पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर में ताला लटका हुआ है. पड़ोसियों से पूछताछ करने पर पता चला कि पूरा परिवार घर छोड़कर फरार हो गया है. इस घटना से लड़की पक्ष में आक्रोश और निराशा का माहौल है. यह मामला जुगसलाई थाना क्षेत्र से जुड़ा है.


















