जमशेदपुर : बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के बीच लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की गोकुलधाम सोसाइटी अब जमशेदपुर में भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है. बागबेड़ा के भिखारी मैदान में गोकुलधाम सोसाइटी की तर्ज पर तैयार की गई इस सजावट को देखकर लोगों को सीरियल की दुनिया का एहसास हो रहा है. इसे देखकर स्थानीय लोगों में उत्साह है और पुरानी यादें ताजा हो रही हैं. ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ लंबे समय से दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है. इस सीरियल ने अपनी कॉमेडी के साथ-साथ दोस्ती, आपसी प्रेम, एकता और मिल-जुलकर रहने का संदेश भी दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

सीरियल के लोकप्रिय किरदार जेठालाल, बापूजी, दयाबेन और टप्पू सेना आज भी दर्शकों के बीच खास पहचान रखते हैं. बागबेड़ा के भिखारी मैदान में बनी गोकुलधाम सोसाइटी को देखकर ऐसा लगता है, मानो टीवी पर दिखाई देने वाली दुनिया जमशेदपुर में उतर आई हो. खासकर सीरियल के प्रशंसकों के लिए यह नजारा बेहद खास है. बचपन से इस सीरियल को देखते आ रहे लोगों के लिए इससे जुड़ी यादें और किरदार आज भी चेहरे पर मुस्कान ला देते हैं. इस आकर्षण को लेकर लोगों के बीच चर्चा है कि गोकुलधाम सोसाइटी का सबसे पसंदीदा किरदार कौन है. किसी को जेठालाल की मजेदार हरकतें पसंद हैं, तो कोई दयाबेन की अनोखी अदाओं और टप्पू सेना की मस्ती का प्रशंसक है. वहीं, कई लोगों के लिए पूरी गोकुलधाम सोसाइटी ही पसंदीदा है, क्योंकि यही इस सीरियल की असली पहचान है.





