जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के खासमहल रोड पर रेलवे ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आजसू पार्टी के कार्यालय को सील कर दिया. रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई. मौके पर किसी भी तरह के हंगामे की आशंका को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया था. सुरक्षा बलों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई. मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे ने जून महीने में खासमहल रोड स्थित आजसू और भाजपा के कार्यालयों को नोटिस जारी किया था. इसके बाद दोनों कार्यालयों को हटाने के लिए 18 जुलाई की तारीख तय की गई थी. हालांकि, उस समय किसी कारणवश कार्रवाई नहीं हो सकी थी. (नीचे भी पढ़ें)
अब रेलवे ने आजसू कार्यालय को सील कर दिया है, जिससे इलाके में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है. रेलवे की इस कार्रवाई को जमीन और अतिक्रमण से जुड़े मामले के संदर्भ में देखा जा रहा है. हालांकि, कार्रवाई के कारणों और आगे की प्रक्रिया को लेकर रेलवे की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है. आजसू कार्यालय सील होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल भाजपा कार्यालय को लेकर उठ रहा है. जून में नोटिस जारी होने के बाद क्या रेलवे भाजपा कार्यालय पर भी इसी तरह की कार्रवाई करेगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. आने वाले दिनों में रेलवे का अगला कदम क्या होगा, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.





