जमशेदपुर : सरायकेला व रांची के डीसी रहे आइएएस छवि रंजन के जमशेदपुर में कदमा स्थित आवास में गुरुवार सुबह शुरू हुई ईडी की छापामारी बारह घंटे बाद शाम 6:10 बजे पूरी हो गयी. छापामारी पूरी होने के बाद ईडी अधिकारी वहां से मिले कागजात लेकर लौट गये.बताते चलें कि ईडी अधिकारियों के एक दल ने गुरुवार सुबह आइएएस छवि रंजन के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापा मारा. इसी क्रम में ईडी अधिकारियों ने जमशेदपुर के कदमा लौंगिया अपार्टमेंट स्थित आइएएस छवि रंजन के आवास पर भी छापामारी शुरू की जो पूरे दिन जारी रही.(नीचे भी पढ़े)
एक महिला समेत ईडी के छह अधिकारियों की टीम ने कदमा लौंगिया अपार्टमेंट स्थित उनके फ्लैट नंबर 1-ए में छापामारी शुरू की. बता दें कि उक्त फ्लैट में छवि रंजन के माता-पिता रहते थे, किन्तु फिलहाल उक्त फ्लैट खाली पड़ा है. ईडी अधिकारी करीब 12 घंटे तक फ्लैट की तलाशी लेने के बाद शाम 6.10 बजे वापस लौटे. इस दौरान टीम को कई अहम दस्तावेज मिलने की सूचना है, जिसमें जमीन से जुड़े कागजात भी शामिल हैं..(नीचे भी पढ़े)
विदित हो कि ईडी आइएएस छवि रंजन को जिन मामलों में संदेह के दायरे में रखकर छापामारी कर रही है, उनमें रांची के करम टोली स्थित सेना की 4.55 एकड़ जमीन को गलत तरीके से बेचने, कई जमीनों की रजिस्ट्री एवं उनका गलत तरीके से म्यूटेशन कराने का मामला भी शामिल हैं. इस मामले के संज्ञान में आने के बाद रांची नगर निगम की ओर से बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.



