जमशेदपुर : जमशेदपुर में राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को बारहवीं कक्षा के छात्रों के विरोध का सामना करना पड़ा. विद्यार्थियों ने अपनी मांगों को लेकर शिक्षामंत्री को एक मांग पत्र भी सौंपा, जिसमें अपनी 12वीं कक्षा की पढ़ाई वर्तमान कॉलेज में ही पूरी करने देने की मांग की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
ये विद्यार्थी वर्तमान समय में अलग-अलग कॉलेजों में 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं, और अगले वर्ष ही इनकी 12वीं की शिक्षा पूरी हो जाएगी. इसके बाद ये किसी भी विश्वविद्यालय में आगे की पढ़ाई करेंगे. छात्रों ने शिक्षा मंत्री से वर्तमान सत्र की पढ़ाई अपने वर्तमान कॉलेज में ही पूरी करने देने की मांग उठाई. (नीचे भी पढ़ें)
दरअसल राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन जिला शिक्षा विभाग द्वारा बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन सभागार में आयोजित छात्र सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने पहुंचे थे. कार्यक्रम समाप्ति के उपरांत जैसे ही वे सभागार से बाहर निकले, वैसे ही विद्यार्थियों ने उनका घेराव कर दिया. विद्यार्थियों ने शिक्षा मंत्री को एक मांगपत्र भी सौंपा, जिसमें उनकी मांग रखी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
विद्यार्थियों के अनुसार ये सभी वर्तमान में 12वीं कक्षा की पढ़ाई शहर के अलग-अलग कॉलेजों में कर रहे हैं. किन्तु राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के तहत डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद कर सिर्फ इंटर कॉलेजों या +2 स्कूलों में ही इंटर की पढ़ाई कराने का निर्देश जारी किया है. विद्यार्थियों के अनुसार नई शिक्षा नीति की समय अवधि वर्ष 2026 तक है, और वर्तमान में राज्य के जो छात्र 12वीं की पढ़ाई कर रहें हैं उनका सत्र भी अगले वर्ष समाप्त हो जाएगा, जिस कारण फिलहाल उन्हें दूसरे शिक्षण संस्थानों में स्थानांतरित किये जाने की जरूरत नहीं है. इसी कारण इन सभी ने अपनी यह मांग राज्य के शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी है.



