
चाकुलिया : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके चाकुलिया और कोकपाड़ा स्टेशन के बीच चतरोडोबा गांव के पास गुरुवार और शुक्रवार की रात रेलवे ट्रैक पार कर रही मादा हाथी ट्रेन की चपेट में आ गयी, जिससे घटनास्थल पर हाथी की मौत हो गई. मिली जानकारी के मुताबिक, डाउन 18006 समलेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर मादा हाथी की मौत हो गई है. हाथी के डाउन रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान यह घटना घटी है. पोल संख्या 188/20 और 188/22 के बीच मादा हाथी ट्रैक पार करने के दौरान एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई. घटनास्थल से घायल मादा हाथी ट्रैक से 100 मीटर दूर उतर कर मर गई है. लोगों के मुताबिक घायल हाथी को झुंड के अन्य हाथियों द्वारा उसे रेलवे ट्रैक से घसीट कर लाया गया है. लोगों ने कहा कि अन्य हाथी गांव से सटे जंगल में ही है.

घटना की सूचना पाकर पहुंचे वन पदाधिकारी
चाकुलिया और कोकपाड़ा स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आकर हाथी की मौत की सूचना पाकर वन विभाग के पदाधिकारी और कर्मी घटनास्थल पहुंचकर मृत हाथी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के पश्चात गड्डा खोदकर गाड़ दिया.
देर रात हुई घटना, चालक ने वॉकी-टॉकी से दी सूचना : स्टेशन प्रबंधक
चाकुलिया स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक जेएन मांडी ने बताया कि बीती रात डाउन समलेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर उक्त मादा हाथी की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि रात 2:55 मिनट पर ट्रेन के चालक ने उन्हें वाकीटाकी से घटना की सुचना दी है. कहा कि घटना के बाद ट्रेन यहां नही रूकी थी. कहा कि घटना के बाद सभी ट्रेन चालक को सुचना दी गई है की जंगल के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी रखे.सुबह से सभी ट्रेन जंगल के पास 30-40 किमी की रफ्तार से गुजर रही है.
हाथी देखने के लिए उमड़ पड़ी लोगों की भीड़
घटना की सूचना पाकर मृत हाथी को देखने के लिए आस पास के गांव के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी है. ग्रामीणों ने मृत हाथी की सिंदूर लगाकर और अगरबत्ती दिखाकर पूजा की. लोगों का मानना है कि हाथी भगवान के स्वरूप है जिस कारण लोगों ने पूजा की.






