जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर और बागबेडा जलापूर्ति योजना पर लाखों की आबादी निर्भर है लेकिन कई सालों से लंबित रहने के कारण अब भी इन योजनाओं का पूरा लाभ जनता को नहीं मिलता है. कई बार विभागीय स्तर पर कोशिशें हुई, जन आंदोलन भी हुए हैं लेकिन अब भी यह महत्वपूर्ण योजनाएं अधूरी हैं. पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर)के बहरागोडा प्रखंड के मौदा गांव में चल रही योजना दो साल से बंद पड़ी है. इन तीनों योजनाओं को जल्द चालू करवाने का मांग को लेकर रांची में पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने मंत्री योगेन्द्र प्रसाद से मुलाक़ात की. कुणाल ने मंत्री से कहा कि गोविंदपुर मामले में ठेकेदार ने अब तक हैंड ओवर नहीं दिया है और निरंतर अंतरालों में राशि भुगतान की समस्या आती रहती है जिसके कारण योजना का काम बाधित हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
बागबेडा में कार्य की गति बहुत धीमी है. गर्मी के शुरू होने पहले संभावना क्षीण लगती है कि काम पूरा होगा. मौदा जलापूर्ति योजना का लाभ 17 गावों के लोगों को मिलता था लेकिन दो सालों से योजना बंद है. बनाबूडा में लगे पंप के जाम होने के कारण यह स्थिति है और स्थानीय विभागीय पदाधिकारियों की उदासीनता के कारण लोग परेशान है. उनके द्वारा कहा जा रहा है कि मरम्मत का खर्च अधिक होने के कारण यह स्थिति है. विभागीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि तीनों योजनाओं की अद्यतन स्थिति की वे अगले हफ़्ते समीक्षा करेंगे और जिले से रिपोर्ट मंगवाकर कार्यवाही करेंगे. जल्द ही सर्वे टीम गठित होगी और इन योजनाओं में शामिल पदाधिकारियों से फीडबैक लेकर इन योजनाओं को गर्मी से पहले चालू करवाया जाएगा.













