जमशेदपुर : जिला के उपायुक्त सह अध्यक्ष भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम सूरज कुमार के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिला स्तरीय चतुर्थ नेत्र शिविर का शुभारंभ आज बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगियों के रजिस्ट्रेशन के साथ हुआ। जाने माने समाजसेवी व रेड क्रॉस के पेट्रन गोविन्द प्रसाद दोदराजका के माता-पिता स्व. नर्मदा देवी-सत्यनारायण जी दोदराजका की पुण्य स्मृति में भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से इस शिविर का आयोजन किया गया है। (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
शिविर में पहले दिन आज नेत्र रोगियों की कोविड-19 जांच की गयी, जिसके पश्चात 43 नेत्र रोगियों के आंखों की जांच जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया गया। 24 नेत्र रोगियों में हायपर मैच्योर मोतियाबिन्द पाया गया, जिनका ऑपरेशन करना आवश्यक है, ऐसे सभी मरीजों का ऑपरेशन के लिए चयन कर लिया गया, इन सभी नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार को राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थियेटर में नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह एवं डॉ. मलय द्विवेदी द्वारा किया जायेगा। आज जांच सत्र में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी राकेश मिश्र मुख्य रूप से उपस्थित थें।















