
जमशेदपुर : जमशेदपुर के स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के पास उस वक्त हंगामा होने लगा जब एक महिला नदी में कूदकर आत्महत्या करने पहुंची. सूचना पाकर महिला का पति भी मौके पर पहुंच गया जिसके बाद हाई वोल्टेज ड्रामा चला. मौके पर स्थानीय लोगों को भीड़ भी जमा हो गई. आधे घंटे तक चले ड्रामे के बाद सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची तब तक महिला को उसका पति अपने साथ ले गया. दरअसल दिवाली के दिन गुरुवार की दोपहर एक महिला आत्महत्या करने के उद्देश्य से स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंची थी. वह बर्निंग घाट की सीढ़ियों से होते हुए नदी में पहुंची. इसी बीच नदी के आसपास मौजूद लोगों ने उसे देखा और महिला को बचाया. लोगों ने महिला से आत्महत्या करने का कारण पूछा तो महिला ने बताया कि घर पर उसके पति से अक्सर उसका विवाद होता है जिससे वह परेशान हो गई है और आत्महत्या करने पहुंच गई. लोगों ने महिला के पति को फोन कर इसकी जानकारी दी. महिला का पति मौके पर पहुंचने के बाद उसकी पिटाई करने लगा. लोगों ने बीच बचाव किया, मामले को बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गयी जिसके बाद पुलिस ने अपनी दबिश बनाई, जिसके थोड़ी देर बाद दोनो वहां से स्कूटी पर बैठकर निकल गए.













