जमशेदपुर : नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी गुरुवार शाम 7:30 बजे को जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) 2024-25 मुकाबले में मेजबान जमशेदपुर एफसी से खेलेगी, तो हाईलैंडर्स का लक्ष्य रेड माइनर्स पर लीग डबल पूरा करना होगा, क्योंकि उन्होंने गुवाहाटी में रिवर्स फिक्स्चर में 5-0 की शानदार जीत दर्ज की थी. वहीं, जमशेदपुर एफसी ने मौजूदा सीजन में अपने घर पर शानदार प्रदर्शन किया है, जहां 10 घरेलू मैचों में से आठ जीते हैं. मेजबान टीम हाईलैंडर्स के खिलाफ अपने पांच घरेलू मुकाबलों में हारी नहीं है, इस दौरान वो दो बार जीती है तीन ड्रा खेले हैं. जमशेदपुर एफसी 19 मैचों में 11 जीत, एक ड्रा और सात हार से 34 अंक लेकर तालिका में तीसरे स्थान पर है और वो जीत से दूसरे स्थान पर मौजूद एफसी गोवा (36 अंक) को पीछे छोड़ना चाहेगी. वहीं, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी 20 मैचों में सात जीत, आठ ड्रा और पांच हार से 29 अंक लेकर तालिका में छठे स्थान पर है. हाईलैंडर्स ने अपने पिछले पांच मुकाबलों में तीन ड्रा खेले हैं और एक जीता व एक हारा है. इस सीजन में जमशेदपुर एफसी के छह विदेशी फुटबॉलरों ने गोल किए हैं. इस मामले में उससे आगे केवल पंजाब एफसी (7) है. (नीचे भी पढ़े)

लेकिन जमशेदपुर एफसी के भारतीय खिलाड़ी गोल के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं, उसके लिए केवल तीन घरेलू खिलाड़ी ही स्कोर कर पाए हैं. रेड माइनर्स (30) सबसे अधिक गोल करने वाली टीमों की सूची में सातवें स्थान पर हैं. जमशेदपुर एफसी के गोलकीपर एल्बिनो गोम्स इस सीजन में अब तक सबसे अधिक 75 बचाव कर चुके हैं. उन्होंने तीन पेनल्टी किक का सामना किया है, और तीनों बचाई हैं. हाईलैंडर्स 2024-25 में अपेक्षित गोल (xजी) के मामले में 29.95 की वैल्यू के साथ लीग में सबसे आगे हैं. अपने xजी से 7.05 प्रदर्शन के साथ उनकी फिनिशिंग सटीक रही है. उन्होंने कुल 37 गोल किए हैं। लेकिन दो प्रमुख भारतीय अटैकिंग खिलाड़ियों, जितिन एमएस और मैकर्टन निक्सन के निलंबित होने से हाईलैंडर्स के हमलों की धार कुंद पड़ सकती है. हाईलैंडर्स अपने पिछले चार अवे मैचों में अपराजित रहे हैं, और पिछली बार वे अक्टूबर-दिसंबर 2018 के बीच पांचवे मुकाबलों में हारे नहीं थे. रेड माइनर्स के मुख्य कोच खालिद जमील रिवर्स फिक्सचर के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे हैं. उन्होंने कहा कि हाईलैंडर्स के खिलाफ पिछले मैच में हमें माकूल परिणाम नहीं मिला.(नीचे भी पढ़े)
हमें आगामी मुकाबले को सकारात्मक नतीजा पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी. हाईलैंडर्स के स्पेनिश हेड कोच जुआन पेड्रो बेनाली ने बताया कि उनकी टीम आगामी मैच में जीत की मानसिकता के साथ उतरेगी. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर एफसी बहुत खतरनाक टीम है. उनके खिलाफ कोई भी गलती हमें भारी पड़ सकती है. हमें अधिक से अधिक अंक जीतकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने की जरूरत है. आईएसएल में दोनों टीमों के बीच 15 मुकाबले हुए हैं. जमशेदपुर एफसी ने छह और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने तीन बार जीत हासिल की है. छह मैच ड्रा रहे हैं. नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के अलाएद्दीन अजारेई आगामी मैच में गोल करते ही एक आईएसएल सीजन में सबसे ज्यादा स्कोर करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे और फेरान कोरोमिनास (2017-18 में 18 गोल) व बार्थोलोम्यू ओगबेचे (2021-22 में 18 गोल) को पीछे छोड़ देंगे. जमशेदपुर एफसी के हावी सिवेरियो ने इस सीजन में सबसे ज्यादा 128 हवाई द्वंद्व लड़े हैं.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने अब तक छह गोल किए हैं. नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी के मोहम्मद बेमामर ने प्रति मैच औसतन 37 पास दिए, 11 सफल ड्रिबल किए, 18 महत्वपूर्ण पास दिए हैं और अब तक 80 द्वंद्व जीते हैं। वह दो गोल और एक में असिस्ट कर चुके हैं. हावी हर्नांडेज (9.6 करोड़) ने इस सीजन में 106 फैंटेसी अंक पाए हैं. अलाएद्दीन अजारेई (8.6 करोड़) ने 2024-25 में 141 फैंटेसी अंक जीते हैं. इंडियन सुपर लीग का लाइव स्ट्रीम जियोसिनेमा (अंग्रेजी, हिंदी, बंगाली और मलयालम) पर मुफ़्त में किया जाएगा और स्पोर्ट्स18 – 3 (अंग्रेजी, हिंदी, बंगाली और मलयालम), एशियानेट प्लस (मलयालम) पर सीधा प्रसारण किया जाएगा. इसके अलावा स्पोर्ट्स 18 – 1, स्पोर्ट्स 18 – 2, स्पोर्ट्स 18 – खेल और स्टार स्पोर्ट्स 3 भी चुनिंदा आईएसएल मैचों का सीधा प्रसारण करेंगे.














