जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह स्थित ब्लड बैंक और एमटीएमएच के नजदीक सड़क किनारे लगने वाले ठेले-खुमचों में अचानक भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते सड़क किनारे खड़े कई ठेलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना वास्तविक समय की बताई जा रही है और आग कई घंटों तक धधकती रही. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर बाद अचानक एक ठेले से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं. आसपास मौजूद लोगों ने पहले स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके. (नीचे देखे पूरी खबर)

कुछ ही देर में एक के बाद एक कई ठेले जलने लगे. आग की लपटें और उठता काला धुआं दूर से ही देखा जा सकता था. सूचना मिलने पर टाटा स्टील की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि कई ठेला संचालकों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आग जानबूझकर लगाए जाने की आशंका प्रतीत होती है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की तैयारी की जा रही है.







