जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लतनगर में बीती रात करीब 11:30 बजे अपराधियों ने खुलेआम फायरिंग कर सनसनी फैला दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो अपराधियों ने पुरानी रंजिश के चलते शब्बू टाल के मालिक के पुत्र समीर, सैफ और अल्तमश पर 4 से 5 राउंड फायरिंग की. गोली चलाने के बाद हमलावर राज नामक युवक और उसके साथियों के रूप में पहचाने गए, जो मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोखा बरामद किया है, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि फायरिंग पिस्तौल से की गयी थी. (नीचे भी पढ़ें)
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए रात में गश्ती बढ़ाने की मांग की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर ली गयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई थी, हालांकि कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है.











