
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में इन दिनों अपराधी बेखौफ हो गए है. बीते दिनों ही अपराधियों ने जवाहरनगर रोड नंबर 13बी में हवाई फायरिंग की थी और आज अपराधियों ने आजादनगर रोड नंबर छह में हवाई फायरिंग की. स्थानीय लोगों ने फायरिंग की सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. हालांकि पुलिस को घटनास्थल से कोई खोखा नही मिला है. पुलिस खोखा की तलाश कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार कुछ युवक रोड नंबर छह में मारपीट कर रहे थे इतने में एक युवक ने हथियार निकाला और हवाई फायरिंग कर दी. मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामले की जांच के बाद ही फायरिंग की पुष्टि हो सकती है.







