
जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत आजाद मार्केट स्थित शिव मंदिर में नये पुजारी के चयन को लेकर बैठक के दौरान दो पक्ष आपस में उलझ गए. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे भी चले, जिसमें दोनों पक्ष के चार लोग घायल हो गए. घायलों ने अपना इलाज एमजीएम अस्पताल में करवाया. घायलों में राम कुमार शुक्ला, सुरेश प्रसाद, अशोक प्रसाद साव के अलावा अन्य शामिल हैं.
हालांकि अन्य लोगों को हल्की चोंटे आई हैं. मिली जानकारी के अनुसार आजाद मार्केट स्थित शिव मंदिर के पुजारी का बीते दिनों निधन हो गया था. जिसके बाद नए पुजारी को लेकर बैठक की जा रही थी. उसी दौरान आस-पास के लोग पानी भरने मंदिर परिसर में पहुंचे. पानी भरने का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच पहले तो बकझक हुई. उसके बाद स्थिति मारपीट तक पहुंच गयी.
एक पक्ष की ओर से घायल राम कुमार शुक्ला ने बताया कि वे लोग पानी भरने गए थे. इसी बीच मंदिर के कुछ लोगों ने उन्हे पानी भरने से मना कर दिया. जबकि वे लोग काफी सालों से मंदिर से पानी भरते आ रहे हैं. इसी बात को लेकर मंदिर में मौजूद लोगो ने उनकी पिटाई कर दी. वहीं दूसरे पक्ष से सुरेश ने बताया कि पानी भरने से मना किया, तो गुस्से में सभी ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी. हालांकि इस ममले में अभी तक टेल्को थाना में शिकायत नहीं की गई है.






