
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गयी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से जख्मी हैं। मृतकों में मोटरसाइकिल चालक व टेम्पो मालिक शामिल हैं। मोटरसाइकिल सवार दो महिला को गंभीर चोटें आई हैं। ऑटो मालिक की पत्नी को हल्की चोटें आई हैं। मृत मोटरसाइकिल चालक का नाम जेराई पिंगुवा (21) तथा वह मझगांव थाना क्षेत्र के देवधर निवासी बताया जा रहा है। वह रविवार सुबह अपनी मां बिमला पिंगुवा (38) व फूफी केसबती पिंगुवा (42) को लेकर अंधारी गांव दर्द की दवाई लेने आया था। दवा लेकर वापसी में बांकदर गांव के समीप ऑटो से टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में बैठे मालिक ओड़िशा के कोनगासाई निवासी श्याम चरण हेम्ब्रम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल चालक की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल सवार दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। दोनों को उचित इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।







