
रांची : झारखंड की दुमका व बेरमो विधानसभा सीटों पर होनेवाले उप चुनाव के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने पार्टी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है. समिति ने रविवार को दोनों प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की. घोषणा के मुताबिक दुमका से भाजपा की उम्मीदवार लुईस मरांडी होंगी, जबकि बेरमो से योगेश्वर महतो बाटुल पार्टी प्रत्याशी होंगे. लुईस मरांडी इससे पूर्व रघुवर सरकार में झारखंड की समाज कल्याण मंत्री रह चुकी हैं.
गौरतलब है कि वर्ष 2019 के विधान सभा चुनाव में दुमका सीट पर लुइस मरांडी को हार का मुंह देना पड़ा था और यहां से खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनाव जीता था. हेमंत सोरेन बरहेट विधानसभा से भी चुनाव लड़े थे और दोनों ही सीट से हेमंत सोरेन ने जीत दर्ज की थी. लिहाजा, उन्होंने अपने पैतृक विधानसभा सीट दुमका को छोड़ दिया था उसके बाद से यह सीट खाली हो गयी थी. वहीं वर्ष 2019 के विस चुनाव में बेरमो सीट से राजेंद्र सिंह जीते थे. उनके निधन के बाद यह सीट खाली हो गयी थी. पिछले चुनाव में राजेंद्र सिंह को 88945 वोट मिले थे जबकि उनके निकटतम प्रत्याशी भाजपा के उम्मीदवार योगेश्वर महतो को 63773 वोट मिला था. राजेंद्र बाबू को कुल 46.88 फीसदी वोट मिला था जबकि भाजपा को कुल 33.61 फीसदी वोट मिला था.






