जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में शुक्रवार की सुबह एक नाग सांप निकल गया. इसके बाद हड़कंप मच गया. जेल परिसर में ही यह सांप निकला था, जो जेल अधीक्षक के कैंपस में चला गया था. इसके बाद अफरा-तफरी मच गयी. पहले जेल स्टाफ ने सांप को देखा और उसको रोकने के लिए डंडा का सहारा लिया, लेकिन नाग सांप का फन काफी तेजी से उठ रहा था, जिससे सारे लोग डर गये. किसी तरह सांप पकड़ने वाले की तलाश हुई. स्नेक सेवियर के रुप में विख्यात हो चुके मिथलेश श्रीवास्तव उर्फ छोटू को किसी तरह संपर्क किया गया. इसके बाद छोटू को जेल परिसर में इंट्री दिलायी गयी. सुरक्षाकर्मियों के बीच उसको अंदर ले जाया गया और फिर सांप को छोटू ने अपने काबू में किया, जिसके बाद उसको एक डब्बा में बंद कर दिया. छोटू ने सांप को पकड़कर पास के ही एक जंगल में ले जाकर छोड़ दिया.

वैसे आपको बता दें कि जमशेदपुर में बड़े पैमाने पर सांप निकलता है. खास तौर पर बारिश के मौसम में सांप निकलना आम बात होता है. ऐसे में आम जनमानस को बचाने के लिए मिथलेश श्रीवास्तव उर्फ छोटू काफी बढ़िया काम कर रहा है, जिसकी हर कोई तारीफ करता है. हाल के दिनों में उसके खिलाफ एक केस भी कर दिया गया था, जिसका समाज की ओर से विरोध किया गया, जिसके बाद छोटू ने प्रण लिया था कि वह कभी सांप नहीं पकड़ेगा, लेकिन फिर जब सामाजिक लोगों ने आग्रह किया, तब छोटू ने फिर से यह काम शुरू किया. वह सांपों को पकड़कर जिंदगी भी बचाता है और सांप को फिर से जंगल में छोड़ देता है तो सांप भी अपनी दुनिया में चला जाता है.







