जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट मैदान के पास फल कारोबारी कन्हैया यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. यह प्राथमिकी मृतक की पत्नी कुसुम देवी के आवेदन पर दर्ज की गयी है. इस मामले में कुसुम देवी ने गोलमुरी के रहने वाले प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक को मुख्य आरोपी बताया है. इसके अलावा, बिल्ला पाठक के पुत्र राहुल पाठक, सूरज झा, सुमित सिंह, अनुराग मिश्रा और गोलू पाठक को नामजद किया गया है. एक अज्ञात हमलावर को भी एफआईआर में शामिल किया गया है. (नीचे भी पढे़ं)
पुलिस ने इस मामले में छापेमारी करते हुए आरोपी सुमित सिंह और गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. सुमित सिंह गोलमुरी के नामदा बस्ती का रहने वाला है. जबकि, गुरप्रीत सिंह गोलमुरी के आनंद नगर का रहने वाला है. पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की है. उन्होंने हत्या की घटना को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है. इनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल भी बरामद हुआ है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के जो सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे, उसमें सुमित सिंह और गुरप्रीत सिंह का चेहरा सामने आया था. इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों का जाल फैलाया और इन दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया. (नीचे भी पढे़ं)
कन्हैया यादव की प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक से दुश्मनी हो गयी थी. आरोप है कि बिल्ला पाठक ने साल भर पहले कन्हैया यादव के पड़ोसी के घर में घुसकर मारपीट की थी. इस मामले में कन्हैया यादव ने अपने पड़ोसी की मदद की थी. कन्हैया यादव की पैरवी के बाद उस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी और प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक को जेल भेजा गया था. तभी से बिल्ला पाठक कन्हैया यादव से खार खाए हुए था. वह कन्हैया यादव को रास्ते से हटाने के प्रयास में था. बताते हैं कि इसका एहसास कन्हैया यादव को हो गया था. (नीचे भी पढे़ं)
कन्हैया यादव ने घटना से तीन दिन पहले गोलमुरी थाने जाकर एक आवेदन दिया था. इसमें बताया गया था कि प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक उसकी रेकी कर रहा है और उसकी हत्या कर सकता है. आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की. कन्हैया यादव की हत्या की घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू हुई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे.







