जमशेदपुर : सरकारी स्कूलों में गर्मी छुट्टी खत्म हो गई और 5 जून से स्कूल खुल गए है पर भीषड़ गर्मी के कारण स्कूल में बच्चों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कम है. जमशेदपुर के दक्षिण बागबेड़ा के राजकीय जय हिन्द बालिका मध्य विद्यालय और उत्तरी घाघडीह स्थित रानीडीह के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में 15 से 20 फीसदी की गिरावट है. राजकीय जय हिन्द बालिका मध्य विद्यालय में गुरुवार को कक्षा छठी की छात्रा जानो पूर्ति बेहोश होकर गिर गई. इसके बाद शिक्षकों और स्कूल प्रशासन ने बच्ची को पानी पिलाया और खाना खिलाया. तबीयत ठीक होने के बाद जानो के परिजन को बुलाकर उसे घर भेज दिया गया.

शिक्षकों ने बताया कि जानो बिना कुछ खाए ही स्कूल आ गई थी, जिस कारण उसकी तबीयत खराब हो गई. बताते चले कि रानीडीह उत्क्रमित विद्यालय में 350 और जय हिन्द बालिक मध्य विद्यालय में 290 विद्यार्थी पढ़ते हैं. शिक्षकों से मिली जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी और बच्चों के गर्मी छुट्टी मनाने बाहर जाने के कारण स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या कम है. आनेवाले 10-15 दिनों में सभी बच्चें पहले की तरह स्कूल आने लगेंगे. वहीं दूसरी ओर अभिभावकों का कहना है कि इतनी गर्मी में स्कूल खोलने के निर्णय पर प्रशासन को पुन: विचार करना चाहिए और कुछ दिनों के लिए स्कूल बंद कर देना चाहिए. बताते चले कि गुरुवार को शहर का तापमान 43.6 डिग्री तक पहुंच गया था. इस दौरान तेज धूप और लू ने लोगों को काफी परेशान किया.



