अनिल कुमार/बोकारो : झारखंड भाजपा के प्रभारी सह राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर बोकारो पहुंचे. बोकारो पहुंचने पर नया मोड़ में बोकारो और चंदनकियारी विधायक समेत भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.(नीचे भी पढ़ें)
नया मोड़ पहुंचने पर झारखंड प्रभारी ने बाबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. मीडिया से बात करते हुए लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि हमारे लिए यह बड़े सौभाग्य की बात है कि आज दूसरी बार झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर उनकी पुण्यतिथि पर पुष्प अर्पित करने का मौका मिला. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता, उसके चुने हुए जनप्रतिनिधियों एवं ब्यूरोक्रेट्स को झारखंड की जनता के लिए उनके बताये रास्तों पर काम करना चाहिए. अगर कोई उनके बताये रास्ते पर काम नहीं कर रहा है तो वह भगवान बिरसा मुंडा को नमन करने योग्य नहीं है.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि वैसे तो भगवान बिरसा मुंडा ने झारखंड में जन्म लिया लेकिन वह पूरे देश के आदर्श हैं. जरूर हम में अगर कोई कमी रही होगी तो उसे दूर करते हुए उनके बताये रास्ते पर चलने की कोशिश करनी चाहिए.



