जमशेदपुर : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर समाजसेवी सह भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले ने जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित ईस्ट प्लांट बस्ती में नवनिर्मित श्री सांई बाबा मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर बाबा के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक माथा टेका. इस दौरान उन्होंने समस्त विश्व के कल्याण तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की. इसके पश्चात श्री काले ने बिरसानगर जोन संख्या-6 स्थित सांई सरस्वती इंग्लिश स्कूल में आयोजित भव्य सांई पूजा में सम्मिलित होकर बाबा का आशीर्वाद लिया तथा प्रसाद ग्रहण किया. इस अवसर पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और सनातन गुरु-शिष्य परंपरा का अत्यंत पावन महापर्व है. यह दिवस हमें अपने गुरुओं, संतों और महापुरुषों के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि शिरडी के सांई बाबा का जीवन प्रेम, सेवा, करुणा, सद्भाव और मानवता का अनुपम संदेश है. बाबा ने समाज को श्रद्धा और सबुरी का मार्ग दिखाते हुए मानव सेवा को सर्वोपरि माना। उनके आदर्श और शिक्षाएं आज भी समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं. श्री काले ने सांई बाबा के श्रीचरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि बाबा की असीम कृपा सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे. प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का वास हो तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा निरंतर बढ़ता रहे। बाबा समस्त विश्व का कल्याण करें, यही गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर मेरी प्रार्थना है. गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दोनों स्थानों पर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण रहा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सांई बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया.




