
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तीन सितारा होटल अलकोर का सील मंगलवार को खोल दिया गया। होटल अल्कॉर पर लॉकडॉउन उलंघन करने का मामला दर्ज था जिसके बाद प्रशासन ने 26 अप्रैल को होटल कि सील कर दिया था। वहीं हाईकोर्ट ने होटल खोलने का आदेश दिया था। 142 दिन बंद रहने के बाद होटल कि आगंतुकों के लिए फिर से खोल दिया गया है। होटल के खुलने से होटल के मालिक राजीव दुग्गल काफी खुश है। उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था।

ये है मामला
पुलिस की टीम ने 25 अप्रैल को होटल अल्कोर में छापेमारी की थी। इस दौरान होटल में स्पा को खुला पाया गया था, जिसमें दो लड़कियां व कुछ लोग थे। होटल से उस वक्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बिष्टूपुर थाना ले जाकर उन पर लॉकडाउन उल्लंघन का केस करते हुए जमानत दे दी गयी। इसके ठीक दूसरे दिन 26 अप्रैल को प्रशासन और पुलिस की एक अन्य टीम आयी। वहां होटल की तलाशी के दौरान एक लड़की मिली, जिसने बताया कि वह शरद पोद्दार की दोस्त है और उसके साथ उसका संबंध है। उस लड़की को गिरफ्तार किया गया, जिससे पूछताछ के बाद पुलिस ने होटल में देह व्यापार चलने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज की। इसी एफआईआर के आधार पर होटल मालिक राजीव दुग्गल, लड्डू मंगोतिया, रजत जग्गी, शरत पोद्दार, दीपक अग्रवाल, राजू भालोटिया, धनंजय कुमार सिंह, राहुल अग्रवाल और एक महिला को जेल भेजा और उसी दिन होटल को सील कर दिया। इस मामले में सभी नौ आरोपियों को जमानत मिल गयी है। उनके होटल को 142 दिनों तक बंद रखने के कारण होटल व उसके परिसर स्थित अन्य दफ्तरों को करोड़ों का नुकसान हुआ है।






