जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआइएसएल की ओर से सोमवार सुबह नये कोर्ट परिसर के बगल में स्थित किशोरीनगर से पानी का अवैध कनेक्शन हटवाया. हालांकि कंपनी के लोगों के कनेक्शन हटाने पहुंचने पर वहां हंगामा शुरू हो गया. लोग कनेक्शन हटाने का विरोध कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि साकची में नये कोर्ट परिसर के पास स्थित किशोरीनगर बस्ती में लोगों ने टाटा स्टील यूआइएसएल की पाइपलाइन से अवैध रूप से पानी का कनेक्शन ले रखा है. कंपनी के पदाधिकारी आज सुबह लाव-लश्कर के साथ अवैध कनेक्शन हटाने किशोरीनगर पहुंचे. उनके अपना काम शुरू करते ही स्थानीय लोगों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों ने टाटा स्टील यूआइएसएल के पदाधिकारी प्रभात झा के नेतृत्व में पहुंची टीम का विरोध करते हुए कनेक्शन हटाये जाने से रोकने की कोशिश की. कंपनी के अधिकारी प्रभात झा ने बताया कि जमशेदपुर शहर से सभी स्थानों से पानी का अवैध कनेक्शन हटाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शहर वासी सही तरीके से आवेदन देकर पानी का कनेक्शन ले सकते हैं. उन्होंने लोगों को जल्द से जल्द वैध रूप से आवेदन देकर सही रूप में वाटर कनेक्शन लेने की सलाह देते हुए कहा कि आगे जो भी लोग चोरी का कनेक्शन लेकर पानी लेते पाये जायेंगे, उनके खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई की जायेगी.



