
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उत्पाद विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस कड़ी में जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका पोटका और कोवाली क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने कार्रवाई की है. सहायक आयुक्त उत्पाद पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार पोटका थाना के सहयोग से कोवाली थाना अंतर्गत जिलिंग गोड़ा तथा पोटका थाना अंतर्गत लोवाडीह एवं रानीकुदर में छापामारी कर 08 अवैध महुआ चुलाई शराब भट्टियों को ध्वस्त किया गया. मौके पर घटनास्थलों पर ड्रमों में रखे गए शराब चुलाई योग्य जावा महुआ को विनष्ट कर दिया गया एवं सप्लाई हेतु तैयार अवैध महुआ शराब बरामद कर जब्त किया गया. 08 अवैध शराब चुलाई कर्ताओं के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज किया गया. वहां से उत्पाद विभाग ने जावा महुआ 16,000 किलो, महुआ शराब 350 लीटर भी बरामद किया है.





