जमशेदपुर : शहर में ट्रैफिक पुलिस केवल यातायात नियमों का पालन ही नहीं करा रही, बल्कि अवैध कारोबारियों पर भी उनकी पैनी नजर है. मंगलवार दोपहर जुगसलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे फाटक गोलचक्कर पर ट्रैफिक पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए भारी मात्रा में अवैध देसी शराब बरामद की है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन की ओर से आ रही एक स्कूटी को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक भागने का प्रयास करने लगा. मौके पर तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर शमशाद आलम ने तत्परता दिखाते हुए दौड़कर स्कूटी को पकड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
पूछताछ और ड्राइविंग लाइसेंस मांगने के दौरान अधिकारी को गाड़ी से शराब की तीखी गंध आई. पुलिस की कड़ाई देख स्कूटी पर सवार एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार होने में सफल रहा. हालांकि, पुलिस ने मुख्य आरोपी को धर दबोचा, जिसकी पहचान बागबेड़ा निवासी रवि कुमार दास के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
जांच करने पर स्कूटी से लगभग 70 से 80 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की गई. ट्रैफिक थाना के प्रभारी थानेदार विनय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस चेकिंग के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है. गिरफ्तार आरोपी और जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जुगसलाई थाना के सुपुर्द कर दिया गया है.







