रामगोपाल जेना/चाईबासा : गुवा सेल स्थित रांजाबुरू माइन्स के मामले को लेकर सारंडा पीढ़ क्षेत्र के मानकी–मुंडा एवं सामाजिक संगठनों का प्रतिनिधिमंडल, सारंडा पीढ़ के मानकी सुरेश चांपिया की अगुवाई में उपायुक्त चंदन कुमार से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने गुवा सेल माइन्स और रांजाबुरू माइन्स में स्थानीय युवाओं की अनदेखी तथा सीएसआर के तहत अपेक्षित विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाते हुए कंपनी के खिलाफ ज्ञापन सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रस्तावित खदान परियोजना में पेसा नियमावली का उल्लंघन हुआ है. साथ ही, झारखंड की नियोजन नीति के तहत 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने के नियम का पालन भी नहीं किया जा रहा, जिससे क्षेत्र के अधिकांश युवा परियोजना से वंचित हैं. ग्रामीणों ने मांग की कि सीएसआर और डीएमएफटी मद का पारदर्शी उपयोग हो तथा इसे सीधे ग्रामसभा के नियंत्रण में रखा जा सके. मशीन माइनिंग के बजाय अधिकतम हैंड माइनिंग कराने की भी मांग उठाई गई, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष यह भी रखा कि कंपनी में कार्यरत अधिकांश स्थायी और अस्थायी मजदूर बाहरी हैं. उनके द्वारा गुवा कारो नदी के आसपास गंदगी फैलाने, नदी किनारे मल-मूत्र त्यागने तथा शव जलाने जैसी गतिविधियों से जल प्रदूषण बढ़ रहा है. इसी नदी के समीप ‘हो’ समाज का प्राकृतिक आस्था स्थल देशाउली स्थित है, जिसे कथित रूप से बार-बार अपवित्र किया जा रहा है. ग्रामीणों ने इसे आदिवासी आस्था का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों को प्राथमिकता न देने और कंपनी की मनमानी के विरोध में मानकी–मुंडा और ग्रामीणों ने रांजाबुरू माइन्स में माइनिंग कार्यों पर अनिश्चितकालीन रोक लगा दी है. प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि दस दिन के भीतर सेल प्रबंधन, प्रशासन तथा मानकी–मुंडा व सामाजिक प्रतिनिधियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता कर समाधान निकाला जाए. उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक स्तर पर उचित कार्रवाई और समाधान का प्रयास किया जाएगा. इस अवसर पर जामदा पीढ़ के मानकी साजन चातोम्बा, गुवासाई मुंडा मंगल पुरती, ठाकुरा मुंडा दामु चांपिया, लिपुंगा मुंडा चरण चांपिया, लंका पुरती, दारा सिंह चांपिया, मानकी–मुंडा संघ के अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा तथा आदिवासी ‘हो’ समाज युवा महासभा के महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम सहित कई प्रतिनिधि मौजूद थे.







