जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा पूनम अपार्टमेंट का रहने वाला व्यवसायी सुशील कुमार की पत्नी और पांच साल की बेटी को उसके ही गांव का भतीजा लेकर फरार हो गया है. घटना की जानकारी मिलते ही सुशील ने उसकी खोज-बीन की तब पूरे माजरे का पता चला. इसके बाद उसने शुक्रवार को ही गोविंदपुर थाने में पत्नी और बच्चे का अपहरण करने का एक मामला भतीजा आलोक राज के खिलाफ दर्ज कराया है. सुशील का कहना है कि आरोपी आलोक राज उनके ही गांव गया जिले के थाना गुरुवा, गांव केवलचक का ही रहने वाला है. इधर कुछ माह से आलोक राज गोविंदपुर में ही उनके ही पड़ोस में किराये का मकान लेकर रह रहा था. किराये का मकान में पता करने पर मालिक ने बताया कि वह मकान खाली कर चुका है. सुशील का कहना है कि वह व्यवसाय के सिलसिले में बराबर झारखंड के बाहर ही रहता है. वह 10 दिनों के बाद अपने घर गोविंदपुर लौटा था. इस बीच ही यह घटना घट गयी. आशंका व्यक्त की जा रही है कि दोनों के बीच पहले से ही प्रेम-संबंध था. इसके बाद ही दोनों योजनाबद्ध तरीके से फरार हो गये. घटना के बाद सुशील की ओर से पुलिस को पत्नी का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध करवा दिया गया है. उसके माध्यम से ही पुलिस पत्नी और बच्चे की टोह ले रही है. गोविंदपुर पुलिस का कहना है कि महिला और बच्चे को बरामद करने और आरोपी आलोक राज को गिरफ्तार करने के लिये छापेमारी की जा रही है.





