जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित फार्म एरिया से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. गुरुवार सुबह सड़क किनारे एक विकलांग बच्चा लावारिस हालत में मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चे की मां काफी देर तक उसे अपने साथ लेकर सड़क किनारे बैठी रही, लेकिन कुछ समय बाद वह बच्चे को वहीं छोड़कर चली गयी और दोबारा वापस नहीं लौटी. घंटों तक आसपास के लोगों ने महिला के लौटने का इंतजार किया, लेकिन जब वह नहीं आई तो लोगों की भीड़ जुटने लगी. बच्चे की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो गईं. बताया जा रहा है कि बच्चा शारीरिक रूप से विकलांग है. वह न तो ठीक से बोल पा रहा है, न चल सकता है और न ही अपने घर या परिवार के बारे में कोई जानकारी दे पा रहा है. लोगों का अनुमान है कि विकलांग होने की वजह से ही उसे लावारिस छोड़ दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत कदमा थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर थाना ले गई. पुलिस ने बताया कि बच्चे की देखभाल के लिए उसे किसी अच्छे एनजीओ या बाल संरक्षण केंद्र में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. साथ ही बच्चे की मां और परिवार की पहचान करने का प्रयास भी शुरू कर दिया गया है. इस घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है. लोगों का कहना है कि एक मां द्वारा अपने ही मासूम बच्चे को इस हालत में सड़क पर छोड़ देना बेहद दुखद और अमानवीय है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.







