
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) मुख्यालय जमशेदपुर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक संध्या का शानदार आयोजन किया गया. सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जमशेदपुर के जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त मनीष कुमार , ग्रामीण एसपी मुकेश लुणायत, एसडीएम धालभूम पीयूष सिन्हा, एएसपी सिटी सुमित अग्रवाल तथा अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. सांस्कृतिक संध्या में जिले के सरकारी स्कूलों के बच्चे एवं शहर की प्रमुख शैक्षणिक संस्थाओं के बच्चों के साथ-साथ आंगनबाड़ी की दीदीयों के ग्रुप तथा शिक्षिकाओं की टीम ने राष्ट्रभक्ति एवं झारखंड तथा देश के विभिन्न भागों के कला संस्कृति से जुड़ी नृत्य, गीत की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. समृद्ध राष्ट्र की संस्कृति, विरासत, कला को समर्पित एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से पूरा वातावरण भारत माता की जय के नारों से गूंजायमान रहा. दर्शक दीर्घा हरेक प्रस्तुति पर भावविभोर होकर तालियां बजाता रहा. (नीचे भी पढ़ें)

ओ देश मेरे तेरी शान पर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ एसडीएसएम स्कूल की छात्राओं ने वंदे मातरम की प्रस्तुति से किया. टैगोर एकेडमी साकची के बच्चों ने सारे जहां से अच्छा, सरदार माधो सिंह बिष्टुपुर की शिक्षिकाओं का संताली नृत्य और आया है 15 अगस्त, टैगोर अकादमी साकची के बच्चों का डांस ओ देश मेरे तेरी शान पर… ओ रांझना वे तेरी सांसों पर, डीबीएमएस के बच्चों ने शिव तांडव, टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल के बच्चों ने ओड़िया गीत पर नृत्य, टैगोर अकादमी के बच्चों ने भारत की बेटी, डीबीएमएस कदमा के बच्चों ने नौनिहाल देश के तू मुस्कुरा के चल, केजीबीवी सुंदरनगर की छात्राओं ने राजस्थानी लोक नृत्य केसरिया बालम पधारो म्होरे देश, गुरुनानक स्कूल के बच्चों द्वारा गिद्दा नृत्य, एसडीएसएम स्कूल के बच्चों ने नैना अश्क न हो और ताकि जीता रहे अपना हिन्दुस्तान तथा आंगनबाड़ी की दीदीओं ने ऐ मेरे वतन के लोगों की प्रस्तुति से वीर बलिदानियों, शहीदों, देश की सीमा पर डटे वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट किया. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने रानी लक्ष्मी बाई के शौर्य की प्रस्तुति से वातावरण को ओजमय कर दिया तथा देश के विभिन्न भागों के कला संस्कृति से जुड़े गीत, नृत्य की प्रस्तुति दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर किया गया सम्मानित
गीत, नृत्य के बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में फर्स्ट प्राइज संयुक्त रूप से एसडीएसएम तथा दिघी भुला, पटमदा के सरकारी स्कूल के बच्चों के छऊ नृत्य को, केजीबीवी पोटका की बालिकाओं तथा केजीवीबी सुंदरनगर की बालिकाओं को संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार, एसडीएसएम स्कूल एवं टैगोर एकेडमी की छात्राओं को थर्ड पुरस्कार से सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किया गया. आंगनबाड़ी की दीदी तथा टाटा वर्कर्स यूनियन शिक्षिकाओं के ग्रुप को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा, निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह, विशेष पदाधिकारी जेएनएसी संजय कुमार, एसओआर दीपू कुमार, जिला योजना पदाधिकारी अरूण द्विवेदी, जिला खनन पदाधिकारी संजय शर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक निशु कुमारी, जिला खेल पदाधिकारी अविनेश त्रिपाठी तथा अन्य पदाधिकारी व कर्मी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए.




