जमशेदपुर : अहमदिया मुस्लिम जमाअत के युवक संगठन खुद्दाम-उल-अहमदिया के तत्वावधान में आज़ाद नगर रोड नंबर-1 स्थित अहमदिया मस्जिद परिसर में सोमवार को वार्षिक धार्मिक, शैक्षणिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बच्चों, किशोरों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वी सिंहभूम के प्रधान नेक मोहम्मद तथा जमशेदपुर के प्रधान सैयद मज़हरुल हक़ की अध्यक्षता में पवित्र कुरआन शरीफ़ के तिलावत से हुआ. इसके उपरांत प्रतिभागियों के लिए धार्मिक ज्ञान, खेलकूद एवं अन्य बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों और युवाओं ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का संचालन युवक संगठन के प्रधान अतहर फवाद उमर ने किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा प्रतिवर्ष इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन बच्चों एवं युवाओं के शारीरिक, मानसिक तथा नैतिक विकास के उद्देश्य से किया जाता है. उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है.” इसलिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं नैतिक प्रशिक्षण भी जीवन का अभिन्न अंग होना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
अपने अध्यक्षीय संबोधन में पूर्वी सिंहभूम के प्रधान नेक मोहम्मद ने युवाओं को शिक्षा के साथ नियमित व्यायाम एवं खेलकूद अपनाने की प्रेरणा दी. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखें तथा उनमें अच्छे संस्कार, अनुशासन और सेवा-भाव विकसित करें, जिससे एक स्वस्थ एवं आदर्श समाज का निर्माण हो सके. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतियोगिताओं के समापन पर विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया. आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया. इस अवसर पर सैयद मुईनुल हक़, अशरफ अज़ीज़, सैयद यासिर अहमद, सैयद जावेद अनवर, अयान करीम तथा शेख मन्नान सहित जमाअत के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन प्रार्थना के साथ हुआ.




