जमशेदपुर : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों की कार्यशैली पर चिंता व्यक्त की गई. बैठक में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर कहा गया कि सड़कों पर बस, ट्रक, ट्रेलर एवं अन्य बड़े वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ रही है. साथ ही पेड़ों के पीछे छिपकर एवं अचानक सड़क पर दौड़कर वाहन जांच अभियान चलाना आम लोगों एवं वाहन चालकों के लिए घातक साबित हो सकता है. मानगो बस स्टैंड से निकलने वाली बसों के सड़क किनारे ठहराव पर रोक लगाने तथा नो-एंट्री अवधि में चुनिंदा बड़े वाहनों को पास जारी करने की व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई, क्योंकि इससे लगातार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. बैठक में यह भी कहा गया कि ट्रैफिक कुप्रबंधन के कारण आम जनता को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सीसीटीवी युक्त स्थानों पर ही वाहन जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम रहे, लेकिन वर्तमान में इस निर्णय का प्रभावी अनुपालन नहीं दिख रहा है. जदयू ने प्रशासन से दिशा समिति के निर्णयों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाने की मांग की. मानगो नगर निगम (एमएनएसी) से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा गया कि कई योजनाओं का शिलान्यास महीनों पहले हो चुका है, लेकिन वे अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं, जो संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों की लापरवाही को दर्शाता है. इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए. बरसात के पूर्व सड़कों, नालों एवं नालियों की मरम्मत नहीं होने से घरों में जलभराव की आशंका है, जिसकी जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए. बैठक में मानगो क्षेत्र में उत्पन्न पेयजल संकट पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई. (नीचे भी पढ़ें)

बताया गया कि कई इलाकों में रात 12 बजे या भोर 4 बजे पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि कई स्थानों पर लोगों को पानी मिल ही नहीं रहा है. स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर कहा गया कि खराब स्ट्रीट लाइटों को बदला नहीं जा रहा है. नए स्ट्रीट लाइट लगाने एवं उनकी खरीद संबंधी जानकारी मांगने पर निगम अधिकारी स्पष्ट जानकारी देने से बच रहे हैं. गलियों में अंधेरा रहने से आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ रही है. जदयू ने स्ट्रीट लाइट संबंधी सभी जानकारियां सार्वजनिक करने की मांग की. कचरा उठाव एवं निष्पादन की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. बैठक में मांग की गई कि चिन्हित स्थानों से नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए तथा कचरा निष्पादन के लिए स्थायी एवं वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित की जाए. साथ ही मानगो में युवाओं के लिए इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम तथा एक सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना की आवश्यकता पर भी बल दिया गया. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के संदर्भ में कहा गया कि गलियों एवं सड़कों पर कूड़ा-कचरे का अंबार लगा हुआ है. सफाई कर्मचारियों की संख्या एवं संसाधनों में बंदरबांट की शिकायतें मिल रही हैं. अधिकारियों के समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने से आम जनता के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए कहा गया कि बस्तियों में बिजली एवं पानी के नए संयोजन के लिए महीनों पूर्व आवेदन देने के बावजूद उपभोक्ताओं को टाल-मटोल का सामना करना पड़ रहा है. वहीं ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट की जटिल प्रक्रिया भी आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर डुमरिया प्रखंड की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया. बताया गया कि कई गांवों में लोग गड्ढों का दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे मलेरिया एवं अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है. क्षेत्र में सड़कें भी बदहाल स्थिति में हैं। इसके अलावा डुमरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के नियमित रूप से कार्यालय में विलंब से आने की शिकायतों पर भी चिंता व्यक्त की गई, जिससे दूर-दराज के ग्रामीण अपनी समस्याएं नहीं रख पाते हैं. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उपरोक्त सभी जनसमस्याओं को संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा तथा समाधान नहीं होने पर जनआंदोलन का मार्ग अपनाया जाएगा. जदयू ने प्रशासन से जनहित के मुद्दों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की. बैठक में जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू, उपाध्यक्ष एम. चन्द्रशेखर राव, भास्कर मुखी, युवा अध्यक्ष नीरज सिंह, महिला अध्यक्ष श्रीमती उषा यादव, प्रकाश कोया, राजेश प्रसाद, आकाश शाह, प्रेम सक्सेना, संजीव सिंह, दीपक गौड़, प्रवीण सिंह, शंकर कर्मकार, तारक मुखर्जी, चुन्नू भूमिज, शमशाद खान, लालू गौड़, मुश्ताक अहमद, विनोद सिंह, मनोज सिंह, मृत्युंजय शर्मा, विनीत सिंह, दिनेश सिंह, अशोक सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.







