
जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत झारखंड मुक्ति मोर्चा के पंचायत अध्यक्षों के द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से वायरलेस मैदान एवं बीएनआर मैदान में बनने वाले चावल गोदाम गोलघर का विरोध किया गया. प्रेस वार्ता की अध्यक्षता नरेश लाल ने की. उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब व जरूरतमंद लोगों का घर उजाड़ कर गोदाम नहीं बनाया जाए. गोदाम की जगह को स्थानांतरित कर दूसरी जगह इसे बनाने की तैयारी की जाए. बागबेड़ा में रहने वाले लोगों के लिए यह दो ही मैदान है, जहां शादी-विवाह एवं सांस्कृतिक प्रोग्राम किया जाता है. सेना में जाने वाले युवा भी इसी मैदान में तैयारी करते हैं और बच्चे भी इस मैदान में खेलकूद करते हैं. यहां गोदाम बन जाने से आसपास के लोगों को काफी परेशानी होगी. नरेश लाल ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा पार्टी विकास विरोधी नहीं है. इस योजना का स्वागत करती है, लेकिन किसी भी कीमत पर गरीबों और जरूरतमंदों का घर तोड़ कर गोदाम नहीं बनने दिया जाएगा. अगर रेलवे गोदाम की जगह नहीं बदलती है, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा. प्रेस वार्ता में अजय शर्मा, दयाल सिंह, मेहरा, राहुल प्रजापति, कमलेश यादव, संजय सिंह, विष्णु क्रिकेटर, ईसा मार्डी एवं कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.





