जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में 26 अक्टूबर को जाहिद की बेरहमी से हत्या की गई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार जाहिद खान को पहले लड़की के लोअर में पहनने वाले लेगिंस से गला घोटा गया था. इसके बाद उसका सिर पत्थर से कूच दिया गया था. जाहिद हत्याकांड के मुख्य हत्यारोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं. इसे लेकर परिजनों ने नाराजगी जताई है. पुलिस ने इस मामले में अभी एक हत्यारोपी वसीम उर्फ छोटे को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. पुलिस ने वसीम से पूछताछ भी की थी. इसके बाद, यह मामला साफ हो गया है कि जाहिद की हत्या किसने की है. इसके पीछे और कौन है. सूत्र बताते हैं कि वसीम ने पुलिस को सब कुछ बता दिया है. वसीम ने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया था इसीलिए पुलिस ने उसे जेल भेज दिया. गौरतलब है कि जवाहरनगर रोड नंबर 14 के रहने वाले जाहिद खान की हत्या 26 अक्टूबर को कर दी गई थी. उसका शव जवाहर नगर रोड नंबर 13 बी में एक खंडहर नुमा मकान में मिला था. इस मकान में कोई नहीं आता जाता. इस मामले में 5 लोगों को नामजद किया गया था. इनमें से एक वसीम गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है जबकि, झामुमो नेता जकी अजमल सोनू, जाहिद उर्फ भक्कू, अरशद और बिट्टू अभी फरार चल रहे हैं. पुलिस अब तक इन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है. मृतक जाहिद के बड़े भाई शहजाद खान का कहना है कि सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और मृतक के परिजनों को धमकी दे रहे हैं.





