जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने उपायुक्त को एक पत्र लिखा है. उन्होंने बताया है कि 15 मार्च को मानगो नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न रामनवमी अखाड़ा समितियों के साथ आयोजित बैठक में प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के आधार पर, आगामी रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल आयोजन हेतु आवश्यक कार्रवाई करना आश्वयक है. उन्होंने कई सारे सुझाव दिये है. उन्होंने मांग की है कि जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती हो, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था हो, जुलूस मार्गों एवं पूजा स्थलों की विशेष सफाई व्यवस्था हो, कचरा उठाव के लिए अतिरिक्त वाहन एवं कर्मियों की तैनाती, निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु विशेष नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाये. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, जुलूस मार्गों पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था एवं खराब स्ट्रीट लाइट का त्वरित मरम्मत की जाये. प्रमुख स्थानों एवं जुलूस मार्गों पर पानी टैंकर की उपलब्धता के साथ अखाड़ा परिसर में टैंकर से पानी की व्यवस्था करने की मांग की गयी है. ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही पार्किंग स्थलों की पहचान एवं व्यवस्था करने को कहा गया है. एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती के साथ प्राथमिक उपचार केंद्र की स्थापना करने की मांग की गयी है. सुझाव दिया गया है कि अग्निशमन दल एवं फायर ब्रिगेड की तैनाती संवेदनशील स्थलों पर हो, आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु क्विक रिस्पांस टीम को तैनात की जाये. (नीचे भी पढ़ें)
सभी संबंधित विभागों (नगर निगम, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, पुलिस) के बीच समन्वय हेतु कंट्रोल रूम की स्थापना की जाये. नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति हो और अखाड़ा समितियों को आवश्यक अनुमति प्रक्रिया को सरल एवं शीघ्र करने की व्यवस्था के साथ ही दिशा-निर्देशों का स्पष्ट संप्रेषण की व्यवस्था की जो. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की गयी जबकि अफवाहों पर नियंत्रण हेतु सूचना तंत्र को सक्रिय रखने, मानगो चौक पर शांति समिति के सदस्यों के लिए कैंप लगाकर बैठने की व्यवस्था करने, चलंत वाहन में प्रकाश की व्यवस्था ताकि तुरंत आवश्यकता के अनुसार तैनाती हो सकें, ऐसा इंतजाम करने की मांग की गयी.



