रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिला अध्यक्ष गीता बलमुचु के नेतृत्व में आज पोस्ट ऑफिस चौक पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष गीता बालमुचु ने मुख्यमंत्री के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार विकास कार्यों में पूरी तरह विफल साबित हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में युवाओं को समय पर रोजगार नहीं मिल रहा है और प्रतियोगी परीक्षाएं भी समय पर आयोजित नहीं हो पा रही हैं. छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय लाठीचार्ज कर उन्हें दबाने का काम कर रही है.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने यह भी कहा कि अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए मुख्यमंत्री भाजपा पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं और जनता का ध्यान भटकाने के लिए सनातन धर्म के देवी-देवताओं एवं पर्व-त्योहारों को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, जो अत्यंत निंदनीय है. भारत की संस्कृति माता सरस्वती, माता लक्ष्मी और भगवान विश्वकर्मा की आराधना पर आधारित रही है, ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणी करोड़ों लोगों की आस्था पर सीधा आघात है. (नीचे भी पढ़ें)
जिला अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और अधूरे विकास कार्यों के लिए सरकार ही जिम्मेदार है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की वास्तविकता को उजागर करेगी. भाजपा ने मुख्यमंत्री से तत्काल अपना बयान वापस लेने और हिंदू समाज से माफी मांगने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से हेमंत केसरी, रामानुज शर्मा, प्रताप कटियार महतो, पवन शर्मा, अक्षय खत्री, रंजन प्रसाद, हर्ष रवानी, जितेंद्र नाथ ओझा, अमित सिंह, जगदीश निषाद, नितिन विश्वकर्मा, जय किशन बिरुली, चंदन पांडे सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



