जमशेदपुर/रांची : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के शिवसिंह बगान में घर में घुसकर हुई मनप्रीत सिंह की हत्या के मामले में झारखंड हाईकोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई. हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डॉ रविरंजन की पीठ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि गवाहों की राज्य में सुरक्षा का क्या इंतजाम है. कोर्ट ने यह भी जानना चाहा कि राज्य सरकार ने अब तक गवाहों की सुरक्षा के लइए क्या कदम उठाये है, जिस पर सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि इस दिशा में सरकार काम कर रही है, जिसके बाद कोर्ट ने गृह सचिव को अदालत में हाजिर होकर विस्तृत जानकारी देने का आदेश दिया. आपको बता दें कि मनप्रीत सिंह की हत्या के मामले में हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था, जिस पर सुनवाई मंगलवार को हुई. आपको बता दें कि जमशेदपुर के सिदगोड़ा निवासी मनप्रीत सिंह की घर में घुसकर हत्या कर दी गयी थी. सीतारामडेरा थानाा क्षेत्र में हुई फायरिंग मामले का वह आरोपी था. वह कोर्ट में अपना बयान देने के लिए पंजाब से आया था, जिसके बाद उसको घर में घुसकर गोली मार दी गयी थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है. लेकिन हाईकोर्ट ने इस मामले में संज्ञान लिया और कहा कि कोर्ट में बयान देने वाले को इस तरह मारा जाना गलत है, जिस कारण गवाहों की सुरक्षा का बंदोबस्त को स्थायी तौर पर किया जाना चाहिए. इस कारण हाईकोर्ट ने इस मामले में गृह सचिव को तलब कर दिया है.







