
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल की सुरक्षा में लगाये गये होम गार्ड के जवान इन दिनों दबंगई पर उतर आये हैं. शनिवार को उन्होंने पत्नी का इलाज कराने आए एक व्यक्ति प्रदीप सोना को डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया. इस घटना से प्रदीप के सिर पर गहरी चोट आयी है. घटना के बाद प्रदीप साकची थाना में शिकायत करने पहुंचे, जहां से उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. प्रदीप ने बताया कि वह सोनारी झबरी बस्ती में रहते हैं. उनकी पत्नी अनीता सोना की तबीयत ठीक नहीं रहती. इसलिए उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वह गेट के बाहर फल लेने गये थे. गेट के पास वह खड़े था. वह अस्पताल के अंदर आ रहे थे. गार्ड ने उन्हें दबंगई दिखाते हुए अस्पताल के अंदर आने से रोक दिया. जब वह अस्पताल के बगल मे खड़े थे तो गार्ड ने पहले पीछे से पकड़ा और फिर डंडे से वार कर दिया. फिलहाल प्रदीप का इलाज चल रहा है.














