जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर बदहाल सड़क व्यवस्था मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल आने वाले लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है. मुख्य गेट के सामने कच्ची सड़क पर बने गहरे गड्ढों को समतल करने के लिए प्राचार्य के निर्देश पर मिट्टी डाली गई थी, लेकिन लगातार बारिश के चलते पूरा इलाका कीचड़ में तब्दील हो गया है. अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है. जूते-चप्पलों में चिपकी मिट्टी अस्पताल परिसर के अंदर तक पहुंच रही है. सूखने के बाद यही मिट्टी धूल बनकर वार्डों और गलियारों में फैल रही है. पंखे चलने पर धूल उड़ने से मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे अस्पताल की स्वच्छता भी प्रभावित हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मुख्य गेट के पास स्थित नि:शुल्क पार्किंग भी बारिश के कारण पूरी तरह कीचड़युक्त हो गई है. वाहन खड़ा करने में हो रही कठिनाई के चलते लोग अपने दोपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े कर रहे हैं. इससे अस्पताल के मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है और जाम तथा दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल मिट्टी डालकर गड्ढे भरना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है. उनका कहना है कि सड़क का पक्कीकरण, समुचित मरम्मत और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था ही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है. समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन से मुख्य गेट के सामने सड़क एवं पार्किंग की तत्काल मरम्मत कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मरीजों और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थायी समाधान करने की मांग की है.




